Fri. Apr 26th, 2024

बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन

1 min read

कपूर खानदान का सितारा ऋषि कपूर आज दुनिया को अलविदा कहकर चला गया। गुरुवार को मुंबई के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी।

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए ये हफ्ता एक बुरे सपने की तरह चल रहा है। बुधवार को शानदार कलाकार इरफान खान ने दुनिया को अलविदा कहा और अब गुरुवार को दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। बुधवार को ही ऋषि कपूर को मुंबई के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती करवाया गया था और गुरुवार को वह दुनिया छोड़ कर चले गए। ऋषि कपूर 67 साल के थे और कैंसर से पीड़ित थे।

ऋषि कपूर के दोस्त, रिश्तेदार और सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने गुरुवार को ट्वीट कर ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘वो गया। ऋषि कपूर गए। अभी उनका निधन हुआ। मैं टूट गया हूं।’

कपूर परिवार की ओर से ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने भी निधन की जानकारी दी। ऋषि कपूर को बुधवार उनके परिवार ने एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था।

बुधवार रात को ऋषि कपूर को सांस लेने में तकलीफ आई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अस्पताल में ऋषि की पत्नी नीतू सिंह, भाई रणधीर कपूर समेत परिवार के अन्य लोग मौजूद थे।

कपूर खानदान की ओर से संदेश जारी कर बताया गया कि गुरुवार सुबह 8.45 बजे ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली। वो ल्यूकेमिया नामक बीमारी से पिछले 2 साल से लड़ रहे थे। अस्पताल ने उनके लिए आखिरी दम तक कोशिश की। पिछले साल वो जब विदेश से इलाज करवाकर वापस आए थे, तो काफी खुश थे और हर किसी से मिलना चाहते थे। लेकिन ये बीमारी दूर नहीं जा सकी।

29 अप्रैल को हिंदी सिनेमा ने एक्टर इरफान खान को खोया था। अब इरफान खान के निधन के 1 दिन बाद 30 अप्रैल को ऋषि कपूर अलविदा कह गए। बैक टू बैक दो दिग्गज अभिनेताओं को गवां देना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा झटका है।

बॉलीवुड के सबसे बड़े परिवार कपूर खानदान के चिराग ऋषि कपूर ने अपने परिवार की राह पर चलकर फिल्मों में किस्मत आजमाई। 1973 में फिल्म बॉबी के साथ उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया और तब से लेकर आजतक वह हर किसी के दिलों पर राज कर रहे थे। हालांकि, 1970 में राजकपूर की ही फिल्म मेरा नाम जोकर में ऋषि कपूर एक बाल कलाकार की भूमिका में नजर आ चुके हैं।

बॉलीवुड की सबसे बड़ी फैमिली यानी कपूर खानदान में ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 को हुआ था। बॉबी, द बॉडी, प्रेम रोग, 102 नॉटऑउट, मुल्क समेत सैकड़ों ऐसी फिल्में थीं जिसमें ऋषि कपूर ने शानदार काम किया था। उन्होंने हर किसी को अपना दीवाना बनाया, फिर चाहे वो रोमांस वाले रोल हो या फिर एक्शन फिल्में।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Double Categories Posts 1

Double Categories Posts 2

Posts Slider