इटली में महज एक दिन में रेकार्ड 475 मौतें
1 min readइटली में एक दिन में 478 लोगों की जान चली गई है। इससे पहले भी एक दिन में सबसे अधिक मौत इटली में ही हुई थी। चीन के बाद इटली में सबसे अधिक मौतें हुई हैं। लॉकडाउन की स्थिति के बाद भी संक्रमण तेजी से फैल रहा है
रोम। इटली में कोरोना वायरस ने बेहद घातक रूप ले लिया है। यहां अकेले एक दिन में 475 लोगों की मौत हो गई है जो कि किसी देश में कोरोना से एक दिन में हुई सबसे अधिक मौत है। दुर्भाग्यवश इससे पहले एक दिन में सबसे अधिक मौत इटली में ही हुई थी उस दिन कोरोना ने 368 लोगों की जिंदगी छीन ली थी।
चीन के बाद कोरोना का सबसे ज्यादा कहर इटली पर बरपा है और मौत के मामले में यह चीन के करीब पहुंच गया है। बुधवार को जारी हुए आंकड़े के मुताबिक इटली में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,978 हो गई है और संक्रमित लोगों की संख्या 35,713 है। इनमें 2257 लोग भी शामिल हैं जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इटली में अब तक 4,205 लोगों इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। चीन की बात करें तो यहां संक्रमित लोगों में कमी आई है और फिलहाल 80,894 लोग प्रभावित हैं और मरने वालों की संख्या 3237 है।
इटली में लॉकडाउन है और लोगों को सार्वजनिक जगहों पर एक दूसरे से 3 फुट की दूरी पर रहने को कहा गया है। स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, रेस्तरां, सिनेमा हॉल में ताले लगे हैं तो लोगों को घरों में रहने के निर्देश दिए गए हैं। यहां लाखों लोग घरों में बंद है।
वहीं, यूरोप में कोरोना वायरस संक्रमण से मौतों की संख्या एशिया में मरने वाले लोगों की संख्या से अधिक हो गई है जिस वजह से यूरोपीय संघ ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए अपनी सीमाओं को सील कर दिया है। कोविड-19 से यूरोप में 3,400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इटली के बाद यूरोप में सबसे अधिक स्पेन और फ्रांस संक्रमित हैं।